कवर्धा में 1000 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ बलराम किसान न्याय यात्रा, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन
कवर्धा। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में गुरुवार, 8 अक्टूबर को कवर्धा में बलराम किसान न्याय यात्रा निकाली जा रही है। जिलेभर से 1000 से अधिक ट्रैक्टरों के कवर्धा पहुंचने की संभावना है। किसान अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे और शासन के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपेंगे।
किसान संघ ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाकर अनिश्चितकालीन आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है। बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों और किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से तैयारियां की हैं।
गन्ने पर 150 रुपये बोनस की प्रमुख मांग
किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देना शामिल है। इसके साथ ही गन्ने और सभी बागवानी फसलों को कृषक उन्नति योजना से जोड़कर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रतिवर्ष आदान सहायता देने की मांग की गई है।
किसानों ने धान के समर्थन मूल्य में पिछले तीन वर्षों में हुई वृद्धि को 3100 रुपये में जोड़कर भुगतान करने और पिछली सरकार के समय की लंबित चौथी किश्त का भुगतान जल्द करने की मांग भी रखी है।
शक्कर कारखानों की क्षमता बढ़ाने की मांग
किसान संघ ने जिले के दोनों शक्कर कारखानों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा घूमंतू गोवंश के पुनर्वास, सभी समितियों में धान की तौल 40.700 किलो करने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की मांग भी शामिल है।
किसानों ने सुतियापाठ जलाशय की नहर-नाली का विस्तार, पिलारी नहर निर्माण, घोघरा नहर-नाली विस्तार, नेवारी व्यपवर्तन को खपरी तक बढ़ाने की स्वीकृति और करिया आमा बांध निर्माण की मांग भी रखी है।
गन्ना किसानों के भुगतान और बीमा पर जोर
किसान संघ ने गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए मंडी बोर्ड से रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके साथ ही गन्ने की फसल को फसल बीमा योजना में शामिल करने की मांग भी की जा रही है।
तीन स्थानों पर रामधुनी, किसानों के भोजन की व्यवस्था
यात्रा के दौरान तीन स्थानों पर हरिकीर्तन और रामधुनी का आयोजन किया जाएगा। इनमें लोहारा रोड-रायपुर बायपास, बिलासपुर रोड स्थित जोराताल चौक और रायपुर रोड पर सागर मोबाइल के पास कार्यक्रम प्रस्तावित है। आंदोलन में शामिल किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
शहर में बैरिकेडिंग, पुलिस बल तैनात
ट्रैक्टरों की बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की है। समनापुर-भोरमदेव तिराहा, घोटिया रोड, अवंती बाई चौक-न्यू बस स्टैंड और सांसद निवास स्थित बायपास-गौरव पथ मार्ग पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भीड़ के बावजूद स्कूली बस, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
भारतीय किसान संघ के मीडिया प्रभारी दिनेश चंद्रवंशी के अनुसार, किसानों की मांगों को शासन तक मजबूती से पहुंचाने के उद्देश्य से यह न्याय यात्रा निकाली जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाएगा।










