शराब के नशे में पत्नी की हत्या, खाना नहीं बनाने पर पति बना हैवान
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मणिपुर थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पत्नी खाना बनाने के बजाय शराब के नशे में थी, जिससे नाराज होकर पति ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने मामले को सामान्य मौत बताने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के निशान मिलने के बाद पूरा मामला उजागर हो गया। पूछताछ में आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










