स्पोर्ट्स कोटे में रेलवे नौकरी घोटाला, CBI ने दो कर्मचारियों को किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ में रेलवे की स्पोर्ट्स कोटा भर्ती में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रायपुर और बिलासपुर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) कार्यालयों में कार्रवाई करते हुए दो रेलवे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उम्मीदवारों से लाखों रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने स्पोर्ट्स कोटे के जरिए रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक अभ्यर्थी से करीब 5 लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की और छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।
CBI की टीम ने रायपुर और बिलासपुर के DRM कार्यालयों में कार्मिक विभाग सहित कई शाखाओं में जांच की। भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी, दस्तावेजों में गड़बड़ी और अयोग्य उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाने के आरोप सामने आए हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और CBI पूरे भर्ती नेटवर्क की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है।










