अंबिकापुर: गणेश विसर्जन जुलूस में ट्रेनी DSP से मारपीट, वाहन के शीशे तोड़े; छह आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर, 25 सितंबर 2026। शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट और उनके वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि साइड देने और डीजे की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए डीजे के साथ जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे अपने वाहन से वहां से गुजर रहे थे। वाहन को साइड देने को लेकर जुलूस में शामिल लोगों से उनका विवाद हो गया। डीजे की तेज आवाज को लेकर आपत्ति जताने के बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस बल बुलाकर डीएसपी को निकाला गया
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने के लिए मणिपुर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस बल के पहुंचने के बाद ट्रेनी डीएसपी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला गया और थाने ले जाया गया। वहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी।
वाहन के शीशे भी तोड़े
मारपीट के साथ ही ट्रेनी डीएसपी के वाहन में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। आरोपियों ने वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया।
छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। विसर्जन जुलूस में शामिल आरोपियों ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं, इसकी जांच के लिए उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद की शुरुआत से लेकर मारपीट व वाहन में तोड़फोड़ तक की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।










