जशपुर में ACB का बड़ा एक्शन: 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते RES के प्रभारी SDO संजय दिवाकर रंगे हाथ गिरफ्तार
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के प्रभारी एसडीओ संजय दिवाकर को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर मनरेगा से जुड़े भुगतान को मंजूरी देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने संजय दिवाकर को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
ACB अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।










