धमतरी में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 35.85 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज
धमतरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित 35.85 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज कराया है। सक्षम प्राधिकारी (SAFEMA) ने पुलिस की ओर से जारी फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट और SAFEMA के प्रावधानों के तहत की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से संपत्तियां बनाई थीं। मामले की वित्तीय जांच के बाद संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी ने मंजूरी दे दी।
धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कानूनी कार्रवाई कर ऐसे नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।










