धमतरी में SBI कियोस्क से बड़ा फर्जीवाड़ा, पासबुक में एंट्री कर खातों से रकम गायब; संचालक फरार
धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोर्रा में एसबीआई कियोस्क सेंटर से ग्राहकों की रकम में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। कियोस्क संचालक केशव साहू पर ग्राहकों से नकद राशि लेने के बाद उसे बैंक खातों में जमा नहीं करने और पासबुक में हाथ से रकम दर्ज कर देने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में करीब 1 करोड़ 75 हजार रुपये की गड़बड़ी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण अपने खातों में रकम जमा कराने के लिए कियोस्क सेंटर पर नकद राशि देते थे। आरोप है कि संचालक रकम बैंक खाते में जमा करने के बजाय अपने पास रख लेता था और ग्राहकों की पासबुक में जमा राशि की एंट्री कर देता था। इससे खाताधारकों को काफी समय तक वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं हो सकी।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब कुछ ग्राहकों ने अपने बैंक खातों की जांच कराई। पासबुक में दर्ज रकम और बैंक खाते में मौजूद राशि में अंतर मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद अन्य खाताधारकों के खातों और लेनदेन की भी जांच शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, इससे पहले सामने आई शिकायतों में 10 खाताधारकों की करीब 68.35 लाख रुपये से अधिक की राशि फंसी होने की बात सामने आई थी। आगे की जांच में कथित गड़बड़ी की रकम बढ़कर करीब 1 करोड़ 75 हजार रुपये तक पहुंच गई।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
मामला सामने आने के बाद कियोस्क संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बैंक रिकॉर्ड, खाताधारकों की पासबुक और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस मामले में कुल कितने खाताधारक प्रभावित हुए हैं और वास्तविक गड़बड़ी की रकम कितनी है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।










