अमृत भारत स्टेशन योजना में बड़ी लापरवाही, पावर हाउस स्टेशन पर तीन फीट की दूरी में लगाए दो चालू पंखे
भिलाई के पावर हाउस रेलवे स्टेशन में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आई है। करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में समन्वय और प्लानिंग की कमी साफ दिखाई दे रही है।
स्टेशन परिसर में एक ही स्थान पर मात्र तीन फीट की दूरी पर दो चालू पंखे लगाए गए हैं। दोनों पंखे एक-दूसरे की ओर हवा फेंक रहे हैं, जिससे यात्रियों को कोई विशेष लाभ नहीं मिल रहा। इस व्यवस्था को देखकर यात्रियों और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की योजना सही तरीके से नहीं बनाई जा रही है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कर जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। ऐसे में पावर हाउस स्टेशन पर सामने आई यह लापरवाही परियोजना की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।










