बीजापुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भैरमगढ़ के जंगल से मिला नक्सली डंप, AK-47 समेत हथियारों का जखीरा बरामद
बीजापुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उतला के जंगल में पुलिस ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में जिले में आत्मसमर्पित नक्सलियों से लगातार पूछताछ और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर 20 सितंबर 2026 को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उतला के जंगल में अभियान चलाया गया।
डीआरजी और भैरमगढ़ पुलिस ने चलाया अभियान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन एक्का ने जवानों को आवश्यक ब्रीफिंग देने के बाद डीआरजी और थाना भैरमगढ़ की पुलिस टीम को जंगल क्षेत्र के लिए रवाना किया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जवानों ने जमीन में गाड़कर छिपाए गए नक्सली डंप को बरामद किया।
बरामद हुआ हथियारों का जखीरा
पुलिस ने डंप से निम्न सामग्री बरामद की है—
1 AK-47 रायफल
1 नग 315 बोर रायफल
1 सिंगल शॉट रायफल
1 नग 9 एमएम पिस्टल
2 AK-47 मैगजीन
45 AK-47 के जिंदा राउंड
25 नग 9 एमएम के जिंदा कारतूस
6 नग 315 बोर रायफल के जिंदा राउंड
बरामद हथियार और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाना लाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी है। साथ ही आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।










