लोरमी के जंगल में दो तेंदुओं के बीच खूनी संघर्ष, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुंगेली वनमंडल के लोरमी वन परिक्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई दो तेंदुओं के लिए जानलेवा साबित हुई। ग्राम चंदूपारा बीट के कक्ष क्रमांक 1529 में मंगलवार शाम दो वयस्क तेंदुओं के बीच हुए भीषण संघर्ष में एक तेंदुए की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला क्षेत्रीय वर्चस्व (टेरिटोरियल वॉर) को लेकर हुए संघर्ष का माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। घायल तेंदुए की निगरानी की जा रही है और उसके उपचार की व्यवस्था की गई है।
वन अधिकारियों का कहना है कि जंगल में बड़े मांसाहारी वन्यजीव अक्सर अपने इलाके पर कब्जा बनाए रखने के लिए आपस में संघर्ष करते हैं। लोरमी वन क्षेत्र में हुई यह घटना भी इसी तरह की टेरिटोरियल लड़ाई का परिणाम मानी जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।










