मथुरा, 10 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में करीब 30 पर्यटकों को लेकर जा रहा स्टीमर अचानक पलट गया। इस हादसे में 10 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक पंजाब से वृंदावन घूमने आए थे।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो बांके बिहारी मंदिर से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित है। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
स्थानीय प्रशासन ने करीब 50 गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन में लगाया है, जो लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इसके अलावा, गाजियाबाद से NDRF की टीम भी मौके के लिए रवाना की गई है। जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।
हादसे के चश्मदीद मनोहर लाल ने बताया कि स्टीमर नदी के बीच पहुंचते ही डगमगाने लगा। तेज हवा के कारण संतुलन बिगड़ गया और स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया।
मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, घटना के समय लगभग 31 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं, जिससे हादसे की संभावना बढ़ गई।प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।














