बरबसपुर में नई शराब दुकान के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दिया समर्थन
कोरबा जिले के बरबसपुर गांव में प्रस्तावित नई शराब दुकान के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर शराब दुकान खोलने का विरोध किया और प्रशासन से निर्णय वापस लेने की मांग की। इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी आंदोलन स्थल पहुंचे और ग्रामीणों का समर्थन किया।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जब गांव के लोग शराब दुकान नहीं चाहते हैं, तो आबकारी विभाग को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए दुकान नहीं खोलनी चाहिए। उनका कहना था कि शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित होगा और आसपास के कई गांवों पर इसका असर पड़ेगा।
आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित शराब दुकान का वे लगातार विरोध कर रहे हैं। वहीं, पोस्टर में यह भी दावा किया गया कि जिस भवन में दुकान खोले जाने की बात थी, उसके मालिक ने आबकारी विभाग को भवन उपलब्ध नहीं कराने और इस संबंध में लिखित सूचना देने का भरोसा दिया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जनविरोध के बावजूद यदि शराब दुकान खोलने का प्रयास किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।











