पूर्व CM भूपेश बघेल के पूर्व PA केके चंद्रवंशी के घर ED की दबिश, सुबह 6 बजे पहुंची टीम
भिलाई। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार सुबह ED की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निजी सहायक (PA) केके चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित आवास पर छापा मारा। टीम सुबह करीब 6 बजे दो वाहनों से मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, ED के अधिकारी घर के अंदर दस्तावेजों की जांच-पड़ताल कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जवान भी तैनात किए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी में टीम में करीब 5 से 8 अधिकारियों के शामिल होने की बात सामने आई है।
दस्तावेजों की चल रही जांच
ED की टीम चंद्रवंशी के आवास पर विभिन्न दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुआ है कि छापेमारी किस मामले या जांच के सिलसिले में की गई है। इसलिए कार्रवाई को किसी विशेष मामले से जोड़ना अभी जल्दबाजी होगी।
राजनीतिक हलचल बढ़ने के आसार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व PA के आवास पर ED की कार्रवाई के बाद प्रदेश में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। जांच एजेंसी की कार्रवाई के दौरान क्या-क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। फिलहाल ED की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।










