लखनऊ के इकाना स्टेडियम के बाहर फर्जी IPL टिकट बेचने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। यूपी पुलिस ने रायपुर और दुर्ग के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ChatGPT और डिजाइन सॉफ्टवेयर की मदद से नकली टिकट तैयार किए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया से असली IPL टिकटों की तस्वीरें डाउनलोड करते थे और फिर CorelDRAW व AI टूल्स की मदद से टिकट का डिजाइन, साइज और पेपर क्वालिटी कॉपी कर नकली टिकट छापते थे। इसके बाद इन्हें स्टेडियम के बाहर क्रिकेट फैंस को बेचा जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीकांत बोरकर, नूतन कुमार साहू, राजेंद्र चौधरी और विश्वजीत साहू के रूप में हुई है। सभी आरोपी छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से 15 फर्जी टिकट, लैपटॉप, मोबाइल फोन, प्रिंटर सामग्री, ATM कार्ड और एक कार बरामद की है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब जालौन निवासी एक युवक ने स्टेडियम में प्रवेश के दौरान टिकट फर्जी पाए जाने पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने UPI ट्रांजैक्शन के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच कर रही है।










