इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बनी हत्या की वजह, रायपुर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यूआरएस कॉलोनी तालाब में मिली अज्ञात युवती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में मृतका की पहचान नंदनी जैन के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती और बेवफाई के शक के चलते युवती की हत्या की गई।
पुलिस के अनुसार, युवती की लाश मिलने के बाद उसकी पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद ली गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने बताया कि प्रेम संबंधों में अविश्वास और विवाद के चलते आरोपियों ने युवती की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया था, ताकि पहचान छिपाई जा सके। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।











