Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / मिलने बुलाकर युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार

मिलने बुलाकर युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार

मिलने बुलाकर युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार

 

बलरामपुर। जिले के पस्ता थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान ग्राम कोदौरा निवासी वसीम अंसारी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों की पहचान सोनू खैरवार (30 वर्ष) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

 

2 अक्टूबर को घर से निकला था वसीम

 

पुलिस के अनुसार, वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम अपनी एक्टिवा लेकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

 

जंगल में मिला कटा हुआ सिर

 

तलाशी के दौरान पुलिस को भीतर चिल्मा के उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में मानव सिर पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद उसकी पहचान वसीम अंसारी के रूप में हुई। बाद में करीब 200 मीटर दूर उसका धड़ भी बरामद किया गया।

 

प्रेम संबंध को लेकर था विवाद

 

पुलिस जांच में सामने आया कि मनबासो के शादी से पहले वसीम से कथित संबंध थे। इसी बात को लेकर मनबासो और उसके पति सोनू के बीच विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते दोनों ने वसीम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

 

मिलने के बहाने जंगल बुलाया

 

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की शाम मनबासो ने वसीम को मिलने के लिए बुलाया। जंगल के पास पहुंचने के बाद पहले से मौजूद पति-पत्नी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने और पहचान छिपाने के लिए उसे अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।

 

पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल