Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / छत्तीसगढ़ में E-KYC नहीं कराने पर रुक सकता है राशन, तीन दिन का अंतिम मौका; 28 से लगेंगे विशेष शिविर

छत्तीसगढ़ में E-KYC नहीं कराने पर रुक सकता है राशन, तीन दिन का अंतिम मौका; 28 से लगेंगे विशेष शिविर

छत्तीसगढ़ में E-KYC नहीं कराने पर रुक सकता है राशन, तीन दिन का अंतिम मौका; 28 से लगेंगे विशेष शिविर

 

बिलासपुर। राशन कार्ड में परिवार के सभी सदस्यों की E-KYC और आधार सीडिंग नहीं कराने वाले हितग्राहियों के लिए जरूरी खबर है। सत्यापन पूरा नहीं होने की स्थिति में राशन का लाभ प्रभावित हो सकता है। बिलासपुर जिले में अभी भी हजारों हितग्राहियों की E-KYC लंबित है। ऐसे लोगों को अंतिम अवसर देने के लिए खाद्य विभाग की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय विशेष ‘सेवा सेतु कैंप’ आयोजित किए जाएंगे।

 

100 प्रतिशत E-KYC अनिवार्य

 

सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और अपात्र या फर्जी राशन कार्डों की पहचान के लिए शासन ने राशन कार्डधारियों की E-KYC और आधार सीडिंग को अनिवार्य किया है। बिलासपुर जिले में कई हितग्राही तकनीकी समस्याओं के कारण अब तक अपना सत्यापन नहीं करा सके हैं।

 

राशन दुकानों में सर्वर की धीमी गति, बायोमेट्रिक मशीन में फिंगरप्रिंट मैच नहीं होना और मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने जैसी समस्याओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बुजुर्गों और मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों के फिंगरप्रिंट नहीं मिलने की शिकायतें सामने आई हैं।

 

28 से 30 सितंबर तक लगेंगे शिविर

 

लंबित E-KYC को पूरा कराने के लिए बिलासपुर जिला मुख्यालय में नेहरू चौक स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभाकक्ष में विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सभी विकासखंडों के जनपद पंचायत कार्यालयों में भी शिविर आयोजित होंगे।

 

इन शिविरों में तकनीकी दल द्वारा विभागीय पोर्टल के माध्यम से E-KYC, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा दी जाएगी। तकनीकी कारणों से सत्यापन नहीं करा पाने वाले हितग्राहियों को यहां दोबारा मौका मिलेगा।

 

फिंगरप्रिंट नहीं मिलने पर भी होगी वैकल्पिक व्यवस्था

 

E-KYC के दौरान जिन लोगों के फिंगरप्रिंट मैच नहीं हो रहे हैं, उनके लिए शिविरों में आइरिस स्कैन और OTP आधारित सत्यापन की व्यवस्था भी की जा रही है। इससे बुजुर्गों और ऐसे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके बायोमेट्रिक सत्यापन में लगातार परेशानी आ रही थी।

 

इन योजनाओं के लंबित आवेदनों का भी होगा निराकरण

 

विशेष शिविरों में केवल E-KYC ही नहीं, बल्कि वन नेशन-वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और उज्ज्वला गैस कनेक्शन से जुड़े लंबित आवेदनों का भी मौके पर निराकरण किया जाएगा।

 

शिविर में ये दस्तावेज लेकर जाएं

 

हितग्राहियों को शिविर में जाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाना होगा—

 

मूल राशन कार्ड

 

परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड

 

आधार से जुड़ा चालू मोबाइल नंबर

 

नए सदस्य का नाम जोड़ने या संशोधन के लिए जन्म प्रमाण पत्र/निवास प्रमाण

 

उज्ज्वला योजना से संबंधित कार्य के लिए गैस कनेक्शन डायरी

 

 

खाद्य विभाग ने समय पर E-KYC कराने की अपील की

 

बिलासपुर के खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत हितग्राहियों की E-KYC और आधार सीडिंग अनिवार्य है। तकनीकी कारणों से जो लोग अब तक सत्यापन नहीं करा पाए हैं, उन्हें लाभ दिलाने के लिए 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर शिविर में पहुंचकर सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि राशन वितरण में व्यवधान न आए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल