Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / छत्तीसगढ़ कांग्रेस के चार नेताओं का AICC में इंटरव्यू, राष्ट्रीय सचिव पद की दौड़ में शामिल

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के चार नेताओं का AICC में इंटरव्यू, राष्ट्रीय सचिव पद की दौड़ में शामिल

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के चार नेताओं का AICC में इंटरव्यू, राष्ट्रीय सचिव पद की दौड़ में शामिल

 

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में नए चेहरों और सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी देने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के चार नेताओं का अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में राष्ट्रीय सचिव पद के लिए साक्षात्कार लिया गया है। देशभर से करीब 140 नेताओं को इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है।

 

इन चार नेताओं को दिल्ली बुलाया गया

 

राष्ट्रीय सचिव पद के लिए छत्तीसगढ़ से प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुबोध हरितवाल, महासचिव दीपक मिश्रा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष कोको पाढ़ी को दिल्ली बुलाया गया था। इनमें दीपक मिश्रा, नरेश ठाकुर और कोको पाढ़ी का साक्षात्कार 9 सितंबर को हुआ, जबकि सुबोध हरितवाल का इंटरव्यू सोमवार को लिया गया।

 

राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने परखा राजनीतिक कौशल

 

साक्षात्कार के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवारों की राजनीतिक समझ, रणनीतिक क्षमता और बौद्धिक योग्यता का आकलन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नेताओं से चर्चा की।

 

प्रदर्शन और सक्रियता पर फोकस

 

कांग्रेस संगठन में नई जिम्मेदारियां देने की प्रक्रिया में इस बार केवल सिफारिश या लॉबिंग के बजाय नेताओं की सक्रियता, राजनीतिक प्रदर्शन और पहले दी गई जिम्मेदारियों को निभाने के रिकॉर्ड को प्राथमिकता दिए जाने की बात सामने आई है। पार्टी स्तर पर छत्तीसगढ़ के नेताओं को लेकर गोपनीय जानकारी भी जुटाई गई है।

 

दो-तीन नेताओं को मिल सकती है राष्ट्रीय जिम्मेदारी

 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ से दो से तीन नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा किया जाएगा। राष्ट्रीय सचिव पद के लिए देशभर से करीब 140 नेताओं के साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

 

कांग्रेस के इस संगठनात्मक फेरबदल को पार्टी के राष्ट्रीय ढांचे को मजबूत करने और सक्रिय नेताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल