बिलासपुर में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का नया शिकार, भाई को जेल भेजने की धमकी देकर महिला से 48 हजार रुपये की ठगी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 48,350 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने व्हाट्सएप कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया और महिला के भाई को एक गंभीर मामले में गिरफ्तार करने तथा जेल भेजने की धमकी दी। डर और दबाव में आकर महिला ने बताए गए बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी।
बाद में जब महिला ने अपने भाई से संपर्क किया तो पूरा मामला फर्जी निकला। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने और साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या व्हाट्सएप पर मिलने वाली गिरफ्तारी अथवा जांच की धमकियों पर भरोसा न करें। किसी भी परिस्थिति में पैसे ट्रांसफर करने से पहले जानकारी की पुष्टि करें और साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।










