नई औद्योगिक नीति से छत्तीसगढ़ में 8 लाख करोड़ का निवेश और 1.5 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति राज्य को निवेश का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस नीति के तहत राज्य में करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे लगभग डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
नईदुनिया फोरम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है। नई नीति के माध्यम से पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ आईटी, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, फार्मा, टेक्सटाइल और अन्य आधुनिक क्षेत्रों में भी निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई औद्योगिक नीति से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।










