रायपुर में ऑटो-ई-रिक्शा के लिए नया ट्रैकिंग सिस्टम, QR कोड से होगी हर चालक की पहचान
रायपुर। राजधानी में ऑटो और ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए नया ट्रैकिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसके तहत शहर में चलने वाले सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को यूनिक आईडी और QR कोड जारी किए जाएंगे। QR कोड स्कैन करते ही चालक और वाहन की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना, अवैध संचालन पर रोक लगाना और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है। QR कोड आधारित ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए चालक अपने दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे और उनका सत्यापन किया जाएगा।
इसके अलावा, जुलाई से शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टॉपेज भी तय किए जाएंगे, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या कम हो और यातायात सुचारु रहे। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।










