
बिलासपुर में 2 करोड़ के ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां सरकंडा क्षेत्र निवासी राहुल छाबड़ा अपने साथियों के साथ ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि यह गिरोह विभिन्न राज्यों में फैले नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपए का ऑनलाइन सट्टा कारोबार चला रहा था।
जांच में सामने आया है कि गिरोह करीब 2 करोड़ रुपए के अवैध सट्टा कारोबार से जुड़ा हुआ था। आरोपी फर्जी आईडी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा खिलवाते थे और लेन-देन के लिए अलग-अलग बैंक खातों का उपयोग करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










