राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचीं, कल जगदलपुर में मुरिया दरबार में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। अपने प्रवास के दौरान वे रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचकर बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी और सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
रायपुर में स्मारक सिक्का करेंगी जारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को रायपुर स्थित लोक भवन में पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
इस कार्यक्रम में करीब चार हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और रायपुर के विधायक भी उपस्थित रहेंगे।
23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है। इस दौरान वे आमसभा को भी संबोधित करेंगी।
मुरिया दरबार का है ऐतिहासिक महत्व
बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं में शामिल है। इस पर्व के दौरान आयोजित मुरिया दरबार का विशेष महत्व है। यहां बस्तर के पारंपरिक जनजातीय नेतृत्व, मांझी-चालकी और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एकत्रित होते हैं।
मुरिया दरबार ऐतिहासिक रूप से स्थानीय समुदायों और शासन-प्रशासन के बीच संवाद का मंच रहा है। राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता मिलने की उम्मीद है।
### सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। जगदलपुर में कार्यक्रम स्थल लालबाग मैदान का निरीक्षण कर वन मंत्री केदार कश्यप ने मंच, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रपति का यह दो दिवसीय दौरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, युवाओं और आदिवासी परंपराओं से जुड़े कार्यक्रमों पर केंद्रित है। रायपुर के कार्यक्रमों के बाद उनका जगदलपुर प्रवास बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।











