बलौदाबाजार में खाद संकट पर बवाल: किसानों का प्रदर्शन, पलारी में नकली DAP बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़
बलौदाबाजार जिले में खरीफ सीजन के बीच डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से बोआई और फसल प्रभावित होने का खतरा है।
इसी बीच जिले के पलारी क्षेत्र में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली डीएपी खाद बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान किसानों से अधिक कीमत वसूलकर नकली खाद बेचने की शिकायत सही पाई गई। टीम ने खाद के नमूने जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं और संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदें और किसी भी तरह की कालाबाजारी या नकली खाद की जानकारी तत्काल कृषि विभाग को दें। वहीं, जिले में खाद की उपलब्धता बढ़ाने और वितरण व्यवस्था पर निगरानी तेज कर दी गई है।










