हॉट चॉकलेट के इनोवेशन से चमकी किस्मत, रायपुर डेयरी कॉलेज के छात्र को मिला 10 लाख का पैकेज
रायपुर। रायपुर के डेयरी कॉलेज के छात्र गोपाल नवघरे ने अपने इनोवेशन और स्टार्टअप आइडिया से नई पहचान बनाई है। कॉलेज कैंपस में तैयार की गई हॉट चॉकलेट को लेकर किए गए प्रयोग और उसके बाद लगाए गए कार्ट ने उन्हें सफलता की राह दिखाई। उनके इस प्रयास को पहचान मिली और उन्हें गुजरात में 10 लाख रुपये के पैकेज पर नौकरी का अवसर मिला है।
गोपाल ने पढ़ाई के दौरान हॉट चॉकलेट तैयार करने के आइडिया पर काम शुरू किया। इसके बाद उन्होंने रायपुर के मरीन ड्राइव में इसका कार्ट लगाकर अपने उत्पाद को लोगों तक पहुंचाया। इस दौरान उन्हें ग्राहकों की पसंद और बाजार की मांग को समझने का मौका मिला।
डेयरी क्षेत्र में पढ़ाई के साथ स्टार्टअप और प्रोडक्ट डेवलपमेंट की दिशा में किए गए इस प्रयास ने गोपाल को अलग पहचान दिलाई। उनके इनोवेशन और व्यावहारिक अनुभव को देखते हुए गुजरात में उन्हें 10 लाख रुपये के पैकेज का अवसर मिला है।
गोपाल की सफलता यह बताती है कि डेयरी और फूड टेक्नोलॉजी की पढ़ाई केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि नए उत्पाद और स्टार्टअप के जरिए युवाओं के लिए रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं।










