पैरोल पर छूटा दुष्कर्म का दोषी फरार, सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज
बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल से 14 दिनों की पैरोल पर रिहा किया गया दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का दोषी फरार हो गया है। तय अवधि पूरी होने के बावजूद आरोपी के जेल वापस नहीं लौटने पर जेल प्रशासन ने सिविल लाइन थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेली निवासी 28 वर्षीय निरंजन सत्यम को 14 दिनों की पैरोल पर रिहा किया गया था। उसे 13 जून की शाम तक सेंट्रल जेल में वापस उपस्थित होना था, लेकिन वह निर्धारित समय पर नहीं लौटा। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और फरार दोषी का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।










