महासमुंद में आवारा कुत्तों का आतंक, सरकारी अस्पतालों में खत्म हुई एंटी-रेबीज वैक्सीन
महासमुंद। शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से लोग दहशत में हैं। आए दिन डॉग बाइट की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकारी अस्पतालों में एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को निजी अस्पतालों या मेडिकल स्टोर का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों का झुंड घूमता रहता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों पर हमले की घटनाएं बढ़ रही हैं। डॉग बाइट के बाद समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगना बेहद जरूरी होता है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन की कमी के कारण मरीजों को भटकना पड़ रहा है।
वहीं, नगर पालिका की ओर से आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शहर में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और सरकारी अस्पतालों में जल्द से जल्द एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।










