हाथी के जबड़ों के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
अंबिकापुर/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथी के जबड़ों के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को रामानुजगंज स्थित एक निजी धर्मशाला में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। उनके कब्जे से हाथी के जबड़े बरामद किए गए हैं।
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से वन्यजीवों के अंगों की तस्करी से जुड़े हुए थे। बरामद हाथी के जबड़ों की खरीद-फरोख्त की तैयारी चल रही थी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
वन विभाग आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटा है कि गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं और वन्यजीव अंगों की तस्करी का नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।










