धमतरी में चाकूबाजी से युवक की हत्या, दोस्त गंभीर रूप से घायल; पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में देर रात चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान मुजगहन निवासी दीपांशु साहू उर्फ दीप साहू के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान विक्की साहू के रूप में बताई गई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना वर्ष 2024 में हुई अमितपुरी गोस्वामी की हत्या से जुड़ी बताई जा रही है। उस समय मुजगहन निवासी दीपांशु साहू उर्फ दीप साहू और उसके साथी विकास कुमार साहू का गांव के अमितपुरी गोस्वामी से घूरकर देखने की बात को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद बढ़ने के बाद अमितपुरी गोस्वामी की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उसका शव गांव के आबादीपारा स्थित बायपास के पास नए तालाब में फेंक दिया गया था।
अगले दिन ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के पिता महेंद्रपुरी गोस्वामी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले में मुजगहन सरपंच के बेटे सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था।
जमानत पर बाहर आया था मृतक
बताया गया है कि दीपांशु साहू पुराने हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आया था। अब उस पर हुए जानलेवा हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों को संदेह है कि वर्ष 2024 में हुई हत्या से जुड़े लोगों ने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया होगा।
हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद अर्जुनी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और पुरानी रंजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल, एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।











