शराब तस्करी मामले में शिक्षक समेत 7 गिरफ्तार, 160 पाव शराब और कार जब्त
रायपुर। जिले के आरंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शिक्षक समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 पाव देशी मसाला शराब बरामद की है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार को भी जब्त किया गया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात आरंग थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुल्लू स्थित शासकीय शराब दुकान से अवैध तरीके से शराब लेकर एक वाहन के जरिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर अर्टिगा कार क्रमांक CG 04 QB 5200 को रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 160 पाव देशी मसाला शराब मिली, जिसकी मात्रा करीब 28.800 बल्क लीटर और कीमत लगभग 16 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ करीब 8 लाख रुपये कीमत की अर्टिगा कार भी जब्त की। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8.16 लाख रुपये बताई गई है।
शिक्षक समेत सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में गुल्लू शराब दुकान के सुपरवाइजर उबारन दास पुरैना, सेल्समैन राजेश काटले, मल्टी-वर्कर सुरेश बांधे, वाहन चालक भरत रात्रे, दिलीप कुमार कुर्रे, भागवत बारले और अमोदी प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक सह संकुल समन्वयक तीरित राम बांधे को गिरफ्तार किया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
शिक्षक के खिलाफ शिक्षा विभाग की कार्रवाई
मामले में शिक्षक तीरित राम बांधे की गिरफ्तारी के बाद जिला शिक्षा अधिकारी, रायपुर ने निलंबन आदेश जारी किया। रिपोर्ट के अनुसार शिक्षक के 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई।
शिक्षा विभाग ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उल्लंघन से जुड़ा मामला माना है। निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय निर्धारित किया गया है और नियमानुसार उन्हें निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब की अवैध तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।











