गरियाबंद के कुकदा डैम में दर्दनाक हादसा, पिकनिक मनाने गए युवक-युवती की डूबने से मौत
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्थित कुकदा डैम में पिकनिक मनाने गए एक युवक और युवती की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। इस दौरान नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और हादसे का शिकार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कुकदा डैम में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। बाहरी लोग अक्सर डैम की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाते, जिससे हादसे हो जाते हैं। प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड बढ़ाने की मांग भी उठ रही है।










