माननीय मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कोरबा को दी 4.85 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
कोरबा, 28 मई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को विभिन्न वार्डों में कुल 4 करोड़ 85 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने की।
इस दौरान 3 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, वहीं 1 करोड़ 10 लाख रुपए के पूर्ण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, श्री अशोक चावलानी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 4 राताखार पुल से बजरंग चौक होते हुए बायपास सड़क तक 2 करोड़ रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा सतनाम भवन परिसर में अतिरिक्त कक्ष एवं किचन शेड निर्माण, मुक्तिधाम में प्रदूषण मुक्त दाहगृह की स्थापना, कोहड़िया क्षेत्र में अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा भैंसखटाल ढोढ़ीपारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण जैसे कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 3 में लगभग 99 लाख 78 हजार रुपए की लागत से टीपी नगर जोन कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा। वहीं नगर निगम क्षेत्र के सेंट्रल स्टोर से स्टेडियम चौक तक रेलिंग, डिवाइडर एवं विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधोसंरचना विकास, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और विकास कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में विभिन्न मदों से निगम क्षेत्र के लिए लगभग 1 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं।
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











