कोरबा। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में कथित रूप से संचालित अवैध सट्टा, खुलेआम नशाखोरी और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर सर्व समाज कोरबा ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। क्षेत्र में नशाखोरी और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी के कारण आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के बीच असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
सर्व समाज कोरबा ने बताया कि उक्त क्षेत्र के आसपास कई विद्यालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। ऐसे वातावरण का बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक प्रभावित हो सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि क्षेत्र में संचालित अवैध सट्टा कारोबार की जांच कर उसे बंद कराया जाए, नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और विद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
सर्व समाज कोरबा ने विश्वास जताया है कि पुलिस प्रशासन जनहित, महिला सुरक्षा और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर विषय पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा।












