कोरबा। वार्ड क्रमांक 06 पुरानी बस्ती क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कोरबा मुस्लिम एजुकेशनल सोसायटी ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में क्षेत्र में लंबे समय से खड़े अनुपयोगी टेलीफोन खंभों को हटाने तथा खराब पड़े सबमर्सिबल पंप को बदलने की मांग की गई है।
सोसायटी के अनुसार, रिज़वी आयुर्वेदिक दवाखाना के सामने लगे तीन टेलीफोन खंभों का वर्तमान में कोई उपयोग नहीं है। ये खंभे सड़क के बीचों-बीच होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों के आवागमन में बाधा बन रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन खंभों की वजह से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि उसी स्थान पर लगा सबमर्सिबल पंप लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है और कबाड़ की स्थिति में पहुंच चुका है। यदि इसे बदलकर नया पंप लगाया जाता है तो वार्डवासियों को पेयजल समस्या से काफी राहत मिल सकती है।
पुरानी बस्ती निवासी विशाल साहू ने बताया कि इस संबंध में कई बार मौखिक रूप से अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने नगर निगम से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
सोसायटी ने आयुक्त से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए अनुपयोगी टेलीफोन खंभों को हटाकर नया सबमर्सिबल पंप स्थापित कराया जाए, ताकि वार्ड क्रमांक 06 के लोगों को सुविधा मिल सके।












