60 साल पुराने मकान का रास्ता बंद, परेशान युवक ने कलेक्ट्रेट में किया आत्मदाह का प्रयास
धमतरी। धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपनी समस्या का समाधान नहीं होने से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक का आरोप है कि उसके 60 साल पुराने मकान तक पहुंचने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक लंबे समय से प्रशासनिक अधिकारियों के पास शिकायत कर रहा था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी नाराजगी और हताशा में वह कलेक्ट्रेट पहुंचा और आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
युवक ने प्रशासन पर उसकी शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए इच्छामृत्यु की मांग भी की। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाइश दी तथा मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।










