बीजापुर में गहराया ईंधन संकट, पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें; किसानों की बढ़ी परेशानी
धमतरी/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी कमी के कारण हालात चिंताजनक हो गए हैं। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई है, जबकि जहां उपलब्धता है वहां वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। ईंधन संकट का सबसे ज्यादा असर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले ट्रैक्टर और अन्य मशीनों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई स्थानों पर पेट्रोल की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं और धमतरी क्षेत्र में पेट्रोल निर्धारित कीमत से कहीं अधिक दर पर बिकने की खबरें मिली हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ईंधन की कमी के कारण दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। वहीं प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा जल्द सामान्य आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें, ताकि उपलब्ध संसाधनों का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया जा सके।










