बीजापुर। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने नीतिकाकलेर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने वन्यप्राणी का मांस और शिकार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की। प्रारंभिक जांच में बरामद मांस नीलगाय का बताया जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार, कार्रवाई 19 अगस्त 2026 को परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में की गई। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जब्त सामग्री के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वन विभाग ने बताया कि मानसून के दौरान लगातार बारिश और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने के कारण जंगलों में गश्त चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त और निगरानी जारी है। विभाग ने वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए सूचना तंत्र को भी मजबूत किया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल में शिकार या किसी अन्य वन अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को सूचना दें।










