Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा / कोरबा जिला अस्पताल के ओपीडी में डॉक्टर की टेबल के नीचे फन फैलाए बैठा मिला विषैला कोबरा, 15 मिनट के रेस्क्यू के बाद टला बड़ा हादसा

कोरबा जिला अस्पताल के ओपीडी में डॉक्टर की टेबल के नीचे फन फैलाए बैठा मिला विषैला कोबरा, 15 मिनट के रेस्क्यू के बाद टला बड़ा हादसा

कोरबा। मंगलवार को कोरबा जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डॉक्टर की कंप्यूटर टेबल के नीचे एक विषैला कोबरा फन फैलाए बैठा मिला। अचानक सांप दिखाई देने से डॉक्टर, नर्स, मरीज और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते रेस्क्यू टीम की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ओपीडी कक्ष की सफाई के दौरान एक कर्मचारी की नजर टेबल के नीचे बैठे कोबरा पर पड़ी। सांप फुंकार मार रहा था, जिसे देखते ही वहां मौजूद लोग घबराकर दूर हट गए और पूरे कक्ष में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तुरंत RCRS (रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी) के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे रेस्क्यू किट के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ होने के कारण रेस्क्यू बेहद चुनौतीपूर्ण था।
करीब 15 मिनट की सावधानीपूर्वक मशक्कत के बाद अविनाश यादव ने विषैले कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़कर रेस्क्यू बॉक्स में बंद किया। इसके बाद सांप को अस्पताल परिसर से दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इससे न केवल लोगों की जान सुरक्षित रही, बल्कि वन्यजीव को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
रेस्क्यू के बाद अविनाश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप ठंडी और सुरक्षित जगह की तलाश में घर, दुकान, कार्यालय और अस्पताल जैसे स्थानों में पहुंच जाते हैं। ऐसे में घबराकर सांप को मारने या स्वयं पकड़ने की कोशिश करना बेहद खतरनाक हो सकता है।
कोरबा वन विभाग और RCRS ने आमजन से अपील की है कि यदि घर, खेत, स्कूल, अस्पताल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे छेड़ने की बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग, डायल 100 या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
अविनाश यादव ने कहा कि “मानव और वन्यजीव का सह-अस्तित्व तभी संभव है, जब हम जागरूक रहें। थोड़ी सी सतर्कता और सही समय पर दी गई सूचना से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल