बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में मां-बेटे के बीच चल रहे घरेलू विवाद को शांत कराने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। समझाइश देने पहुंचे दामाद पर उसके ससुर ने ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवक के गले पर गंभीर चोट आई है। उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बटालियन रोड क्षेत्र में शैलेंद्र नवरंग के घर में मां और बेटे के बीच विवाद चल रहा था। शैलेंद्र ने विवाद को शांत कराने के लिए दोनों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद उसकी पत्नी ने अपने मायके वालों को फोन कर बुला लिया।
आरोप है कि परिजनों के पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान शैलेंद्र के ससुर ने घर के बाथरूम में रखा ब्लेड उठाकर उसके गले पर वार कर दिया। घटना में शैलेंद्र घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।









