मानसून का संदेश लेकर कनकी पहुंचे एशियन ओपनबिल स्टॉर्क, शिव मंदिर परिसर में बनाया बसेरा
कोरबा जिले के करतला विकासखंड स्थित ग्राम कनकी में मानसून के आगमन का संदेश लेकर विदेशी एशियन ओपनबिल स्टॉर्क पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। शिव मंदिर परिसर में लगे पेड़ों पर अब तक 100 से अधिक पक्षियों ने अपना बसेरा बना लिया है। हर वर्ष बारिश के मौसम से पहले इन पक्षियों के पहुंचने को अच्छी वर्षा का संकेत माना जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन पक्षियों का कनकी से खास जुड़ाव है और वे हर साल यहां आकर घोंसले बनाते हैं। मंदिर परिसर और आसपास के पेड़ों पर इनका कलरव लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं द्वारा पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि एशियन ओपनबिल स्टॉर्क मुख्य रूप से जलाशयों और आर्द्र क्षेत्रों के आसपास रहना पसंद करते हैं। पर्याप्त भोजन और अनुकूल वातावरण मिलने के कारण कनकी क्षेत्र इनके लिए सुरक्षित ठिकाना बन चुका है। हर साल बड़ी संख्या में इन पक्षियों का आगमन क्षेत्र की जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन का भी संकेत माना जाता है।










