पांच साल के मासूम के साथ अमानवीय कृत्य का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश, संदिग्ध ट्रक जब्त
अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम के साथ कथित अमानवीय कृत्य का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदेह के आधार पर एक ट्रक को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। संदिग्ध ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है तथा चालक और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।










