ऑनलाइन गेम में रकम दोगुनी करने का झांसा, रायपुर के आईटी प्रोफेशनल से 20 लाख की साइबर ठगी
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक आईटी प्रोफेशनल से करीब 20 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक को सोशल मीडिया पर एक युवती ने दोस्ती कर ऑनलाइन गेम में निवेश करने के लिए प्रेरित किया और अधिक मुनाफे का झांसा दिया।
जानकारी के अनुसार, देवपुरी निवासी फारूक शेख की फेसबुक पर अनाया चोपरा नाम की युवती से पहचान हुई। बातचीत बढ़ने के बाद युवती ने उसे एक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने की सलाह दी और दावा किया कि वहां रकम कुछ ही समय में दोगुनी हो जाती है। शुरुआत में छोटे निवेश पर लाभ दिखाकर उसका भरोसा जीता गया।
इसके बाद आरोपितों ने टैक्स, कन्वर्जन चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रकम जमा कराई। जब पीड़ित ने अपनी जमा राशि और कथित मुनाफा निकालने की कोशिश की तो उससे और पैसे मांगे गए। संदेह होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच साइबर पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में न आएं और रकम दोगुनी करने या भारी मुनाफा देने वाले किसी भी ऑनलाइन निवेश प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें।










