मारवाही में हाथियों का आतंक, तीन घर तोड़े, 15 किसानों की फसल रौंदी; ग्रामीणों में दहशत
बिलासपुर जिले के मारवाही वन क्षेत्र में जंगली हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने तीन ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और करीब 15 किसानों की खड़ी फसलों को रौंद दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का दल रात के समय गांव में घुस आया। इस दौरान घरों को नुकसान पहुंचाने के साथ खेतों में लगी धान समेत अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया। अधिकारियों ने प्रभावित किसानों और परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही लोगों से हाथियों के पास न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।










