BRICS अंतरराष्ट्रीय मंच पर रायपुर के छात्रों ने लहराया परचम, जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट को मिली सराहना
रायपुर। राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित पीजी उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय BRICS स्कूल जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट शोकेस में अपने अभिनव जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट का सफलतापूर्वक प्रस्तुतिकरण कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
विद्यार्थियों ने “Building Sponge City Together” विषय पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया, जिसमें सैटेलाइट इमेजरी, मोबाइल मैपिंग और जियोस्पेशियल तकनीक की मदद से शहरी जलभराव, वर्षा जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के प्रभावी समाधान सुझाए गए। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहरों को पर्यावरण के अनुकूल और जलवायु परिवर्तन के प्रति अधिक सक्षम बनाना है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस प्रस्तुति को विशेषज्ञों ने सराहा। विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इसे टीमवर्क, वैज्ञानिक सोच और नवाचार का परिणाम बताया। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन हुआ है और अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।










