फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाकर बेटी का कराया दाखिला, सरकारी शिक्षक गिरफ्तार
जशपुर जिले के पत्थलगांव में एक सरकारी शिक्षक को फर्जी आय प्रमाण पत्र के जरिए बेटी का प्रवेश कराने और शासकीय योजना का लाभ लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि शिक्षक ने अपनी वार्षिक आय 75 हजार रुपये दर्शाई थी, जबकि उसकी वास्तविक आय करीब 6.79 लाख रुपये पाई गई।
आरोप है कि शिक्षक ने गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए संचालित योजना का लाभ लिया। मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें आय प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पात्रता के लिए गलत जानकारी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, इस मामले को गरीब और जरूरतमंद छात्रों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला माना जा रहा है।










