IGKV पेपर लीक मामला: प्रोफेसर ने 10 हजार रुपये में बेचा था प्रश्नपत्र, Plant Pathology की परीक्षा निरस्त
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। Plant Pathology विषय की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में कृषि महाविद्यालय दुर्ग के सहायक प्राध्यापक योगेश सोनकेशरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि प्रश्नपत्र को 10 हजार रुपये में बेचा गया था।
मामले की जांच में सामने आया है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र तक पहुंच बनाई गई और उसे विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया। इस मामले में प्रोफेसर के साथ कुछ विद्यार्थियों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने Plant Pathology की परीक्षा निरस्त कर दी है। अब इस परीक्षा को दोबारा आयोजित किए जाने की प्रक्रिया विश्वविद्यालय स्तर पर तय की जाएगी।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक की पूरी साजिश में और कितने लोग शामिल थे और प्रश्नपत्र किस माध्यम से आरोपियों तक पहुंचा। इससे पहले भी IGKV की परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आ चुका है, जिससे विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।











