बिलासपुर में महिला का आधे घंटे तक हंगामा, लाठी-पत्थर से 15 से ज्यादा बाइकें गिराईं; कार का शीशा तोड़ा
बिलासपुर। शहर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला हाथ में लाठी और पत्थर लेकर सड़क पर निकल पड़ी। महिला ने करीब आधे घंटे तक सिटी डिस्पेंसरी से गांधी चौक और मधुबन मोड़ तक जमकर हंगामा किया। इस दौरान उसने 15 से ज्यादा मोटरसाइकिलों को गिरा दिया, एक कार का शीशा तोड़ दिया और राहगीरों पर पत्थर फेंकते हुए उन्हें लाठी लेकर दौड़ाया।
सिटी डिस्पेंसरी से शुरू हुआ हंगामा
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे महिला सिटी डिस्पेंसरी की ओर से गांधी चौक पहुंची। रास्ते में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को वह लाठी से मारकर और धक्का देकर गिराती रही। इस दौरान 15 से ज्यादा बाइकें गिर गईं और कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा।
गांधी चौक पहुंचने के बाद महिला ने सड़क किनारे खड़ी एक कार पर पत्थर मारकर उसका शीशा तोड़ दिया। इसके बाद वह आसपास मौजूद लोगों पर भी पत्थर फेंकने लगी। अचानक हुए इस हंगामे से दुकानदार और राहगीर सहम गए और लोग बचकर निकलने लगे।
स्कूल के बाहर फल का ठेला भी पलटा
महिला गांधी चौक से सेजेस मल्टीपरपज स्कूल की ओर बढ़ी। रास्ते में वह लोगों को लाठी लेकर दौड़ाती रही। स्कूल के बाहर सड़क किनारे लगे फल के ठेले को भी उसने पलट दिया, जिससे फल सड़क पर बिखर गए।
इसके बाद महिला मधुबन मोड़ तक पहुंची। यहां भी उसने बाइक और अन्य वाहनों पर लाठी से हमला किया। कुछ देर बाद वह वापस गांधी चौक की ओर लौट आई और वहां भी लोगों को लाठी लेकर दौड़ाती रही। करीब 30 मिनट तक चले इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
एक घंटे बाद होता हंगामा तो बच्चों पर पड़ सकता था असर
घटना का समय करीब 3 बजे का बताया गया है। वहीं सेजेस मल्टीपरपज स्कूल में इन दिनों तिमाही परीक्षाएं चल रही हैं और बच्चों की छुट्टी करीब 4 बजे होती है। ऐसे में यदि यही घटना एक घंटे बाद होती, तो स्कूल से निकलने वाले बच्चे भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
रौनक साव ने महिला को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हंगामे के दौरान जूना बिलासपुर निवासी सराफा कारोबारी रौनक साव ने हिम्मत दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया। आसपास के लोगों की मदद से उसे सड़क किनारे बैठाया गया। रौनक साव ने लोगों से महिला के साथ मारपीट नहीं करने और पुलिस को सूचना देने की अपील की।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई।
महिला अपना नाम-पता नहीं बता पा रही थी
सीएसपी कोतवाली गगन कुमार के मुताबिक, डायल-112 की टीम महिला को थाने लेकर आई। महिला अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी। पुलिस उसकी पहचान और परिवार के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। बाद में महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।










