कोरबा में नशे में 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, छह घंटे तक चला रेस्क्यू; सुरक्षित नीचे उतरा
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से में जाकर बैठ गया। नीचे मौजूद उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह काफी देर तक नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।
शराब के नशे में अचानक टावर पर चढ़ा
जानकारी के अनुसार, करतला क्षेत्र के एक गांव के पास रहने वाला देव सिंह राठिया रविवार दोपहर शराब के नशे में था। इसी दौरान वह अचानक हाईटेंशन टावर पर चढ़ने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया।
हाईटेंशन बिजली लाइन के बेहद करीब उसके पहुंच जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जरा सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता था।
पत्नी और बच्चों ने लगाई नीचे उतरने की गुहार
युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी और दोनों बच्चे भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने काफी देर तक उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई। ग्रामीणों ने भी उससे बातचीत कर समझाने का प्रयास किया।
बताया गया कि युवक कभी कुछ नीचे आता तो फिर वापस ऊपर चढ़ जाता था। टावर पर चढ़ने की वजह पूछे जाने पर भी उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन के कारण पुलिस और प्रशासन ने बेहद सावधानी के साथ युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।
अधिकारी, पुलिसकर्मी और ग्रामीण लगातार युवक से बातचीत करते रहे और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाते रहे।
छह घंटे बाद सुरक्षित नीचे आया युवक
लगभग छह घंटे तक चले प्रयास के बाद आखिरकार देव सिंह नीचे आने के लिए राजी हो गया। उसके जमीन पर सुरक्षित पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी राहत महसूस की।
पूरे घटनाक्रम में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि युवक आखिर किस वजह से 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा था, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।










