*उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने 2.76 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन*
कोरबा, 01 जून 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 20, 31 एवं 32 में लगभग 2 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से होने वाले 5 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पोड़ीबहार में आयोजित कार्यक्रम में किया। कार्यक्रम में निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद श्री अशोक चावलानी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इन विकास कार्यों में सीसी रोड, नाली निर्माण तथा सड़क डामरीकरण के कार्य शामिल हैं। वार्ड क्रमांक 20 एवं 32 में सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि वार्ड क्रमांक 31 में आरसीसी नाली, सड़क डामरीकरण एवं सीसी रोड निर्माण पर 2 करोड़ 41 लाख रुपये से अधिक की राशि व्यय की जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प भ्रष्टाचार मुक्त शासन-प्रशासन और सुशासन स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिली है तथा जिला खनिज न्यास मद सहित विभिन्न योजनाओं से विकास के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध हो रही है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि कोरबा की जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है, उस भरोसे को कायम रखते हुए शहर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।
निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। वहीं वरिष्ठ पार्षद श्री अशोक चावलानी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सड़क निर्माण का इंतजार अब समाप्त हो गया है और इन कार्यों से पोड़ीबहार क्षेत्र की कई समस्याओं का समाधान होगा।










