पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर CM विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, छायाचित्र पर किया माल्यार्पण
रायपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता और प्रखर राष्ट्रचिंतक थे। उन्होंने राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी अवधारणा प्रस्तुत की, जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण को केंद्र में रखा गया।
अंत्योदय को बताया विकास का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि विकास की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उनका ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना उनके विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को दर्शाता है।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण की दिशा में प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा की भावना देश और समाज को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।










